नई दिल्ली। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नीतीश कुमार निर्विरोध चुने गए हैं। मंगलवार सुबह 11 बजे नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारी के पास केवल नीतीश कुमार का नामांकन ही बचा था। पार्टी ने इसकी जानकारी प्रेस रिलीज जारी कर दी।
जेडीयू की प्रेस रिलीज में कहा गया कि अध्यक्ष पद की उम्मीदवारी के लिए नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 24 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे थी। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी के पास सिर्फ नीतीश कुमार का नामांकन शेष रह गया। दोपहर 2:30 बजे निर्वाचन अधिकारी अनिल प्रसाद हेगड़े (पूर्व राज्यसभा सांसद) द्वारा निर्वाचन प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।
इस चुनाव में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा संसदीय दल के नेता संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह), बिहार मंत्री श्रवण कुमार और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यह निर्वाचन ललन सिंह के दिसंबर 2023 में अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद हुआ है, जब नीतीश कुमार ने पार्टी की कमान संभाली थी। हाल ही में नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और राज्यसभा चुनाव जीता था।
पार्टी के नेताओं का कहना है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में जेडीयू सामाजिक न्याय, विकास और सुशासन के अपने एजेंडे को आगे बढ़ाएगी। उनकी राजनीतिक छवि एक ऐसे नेता की रही है जो संतुलित निर्णय लेने और गठबंधन राजनीति को संभालने में सक्षम हैं। यही कारण है कि पार्टी के भीतर उनके नेतृत्व को लेकर व्यापक सहमति बनी हुई है।
