नई दिल्ली: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने DMK का साथ छोड़कर अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को समर्थन देने का फैसला किया है। इस फैसले पर पार्टी के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने नाराजगी जताई है।
मणिशंकर अय्यर ने शुक्रवार को कहा कि इस कदम में घटिया राजनीतिक अवसरवादिता की बू आती है। पीटीआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि DMK के साथ चुनाव लड़ने के तुरंत बाद TVK के साथ हाथ मिलाना भयानक फैसला है। TVK ने कुछ दिन पहले कांग्रेस को 23 सीटों पर चुनौती दी थी।
अय्यर ने ‘द हिंदू तमिल’ में प्रकाशित लेख में लिखा कि यह महात्मा गांधी के सिद्धांतों का उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे द्रविड़ राज्य में BJP की पिछले दरवाजे से एंट्री आसान हो सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के संस्थापक ऐसी सुविधावादी राजनीति को आशीर्वाद नहीं देंगे।अय्यर ने अपने पूर्व संसदीय क्षेत्र मयिलादुथुराई के संदर्भ में खेद जताया। कांग्रेस ने DMK गठबंधन के सहारे 5 सीटें जीती थीं। उन्होंने पूछा कि इस सहयोगी बदलाव में चाणक्य की जीत हुई है या महात्मा गांधी की।
