Skip to main content

समाचार मिर्ची

गोगामुख (असम)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को असम के गोगामुख में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। यह असम विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद उनकी पहली जनसभा थी। पीएम मोदी ने कहा कि असम में भाजपा के 10 साल के शासन ने सेवा और सुशासन के नए दौर की शुरुआत की है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में असम में 22 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्के घर दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनसमुद्र, युवाओं का उत्साह और बहनों-बेटियों का आशीर्वाद इस बात की खुली घोषणा है कि इस बार असम में भाजपा की हैट्रिक पक्की है। उन्होंने कहा, “आप सबके आशीर्वाद से मुझे प्रधानमंत्री के रूप में हैट्रिक बनाने का अवसर मिला। आपके आशीर्वाद से असम में भी सरकार हैट्रिक बनाने वाली है।” पीएम ने सुबनसिरी जलविद्युत परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह असम को बाढ़ से बचाएगी। भाजपा समान नागरिक संहिता लागू करेगी और आदिवासियों के हितों की रक्षा कर असम की पहचान बचाएगी।

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने 60-65 साल में ब्रह्मपुत्र पर सिर्फ तीन पुल बनाए, जबकि भाजपा-एनडीए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बना सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने असम के समाज को बांटा और पावर पॉलिटिक्स तथा परिवार को सर्वोपरि रखा। पीएम ने कहा, “कांग्रेस के स्वघोषित राजकुमार की पराजय की सेंचुरी लगने वाली है और कांग्रेस की पराजय की हैट्रिक भी तय है।” उन्होंने कांग्रेस पर विदेशियों को बसाने और मूल निवासियों को अल्पसंख्यक बनाने की कोशिश का आरोप भी लगाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने असम को चाय के साथ चिप (सेमीकंडक्टर) के लिए भी पहचान बनाने का वादा किया। उन्होंने कहा कि असम में सेमीकंडक्टर प्लांट से चिप का उत्पादन शुरू होने वाला है, जो फोन, गाड़ी, टीवी और फ्रिज जैसे सामानों में इस्तेमाल होगा। यह विकसित असम से विकसित भारत बनाने का चुनाव है, ऐसा पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version