पटना। बिहार में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कैबिनेट की आखिरी बैठक की। बैठक में उन्होंने मंत्रियों को अपने इस्तीफे की जानकारी दी और कैबिनेट भंग करने की सिफारिश की। कुछ देर में वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा राज्यपाल को सौंपने वाले हैं।
नीतीश कुमार दो दशक से अधिक समय से बिहार की सत्ता में रहे। अब बीजेपी बिहार में पहली बार अपना मुख्यमंत्री बनाने जा रही है। सम्राट चौधरी नए मुख्यमंत्री के सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। उन्हें बिहार के नए ‘चौधरी’ के रूप में देखा जा रहा है।सम्राट चौधरी वर्तमान में गृह विभाग समेत महत्वपूर्ण विभाग संभाल रहे हैं। उनके आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पटना में बीजेपी विधायक दल की बैठक दोपहर में केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में होने वाली है। शाम को एनडीए विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाई जाएगी।
नई सरकार का शपथ ग्रहण कार्यक्रम बुधवार 15 अप्रैल 2026 को बिहार राज भवन में प्रस्तावित है। राज भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद नया मुख्यमंत्री राज भवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।सम्राट चौधरी समता पार्टी से राजनीति शुरू कर चुके हैं। बाद में आरजेडी में शामिल हुए और मंत्री भी रहे। 2018 में बीजेपी में आए और 2023 में प्रदेश अध्यक्ष बने। एनडीए सरकार में वे उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।
