नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद सभी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में दिल्ली के सभी सरकारी दफ्तरों में सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम (WFH) का फैसला लिया गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि प्राइवेट कंपनियों को भी हफ्ते में दो दिन वर्क फ्रॉम होम के लिए अनुरोध किया जाएगा। यह फैसला प्रधानमंत्री की अपील पर लिया गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने काफिले में 60 प्रतिशत की कटौती कर अब केवल चार गाड़ियां रखी हैं, जिनमें से दो इलेक्ट्रिक वाहन हैं। सभी मंत्रियों के वाहनों में भी कटौती की गई है। दिल्ली सरकार के कार्यालयों का समय अब सुबह 10:30 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा, जबकि दिल्ली नगर निगम के कार्यालय सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेंगे। सरकार 50 प्रतिशत बैठकें ऑनलाइन करने का भी फैसला लिया है।
सरकारी दफ्तरों में नया कार्य मॉडल लागू
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि दिल्ली के सभी सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों को सप्ताह में दो दिन घर से काम करने की सुविधा दी जाएगी। सरकार का मानना है कि कोरोना महामारी के दौरान वर्क फ्रॉम होम मॉडल ने बेहतर परिणाम दिए थे और अब इसे आधुनिक प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बनाया जा सकता है।
सीएम ने कहा कि यह केवल सुविधा देने का फैसला नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले दिनों में विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे ताकि सरकारी कार्य प्रभावित न हो।
