नई दिल्ली।उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के थाना देहात क्षेत्र के टियाला गांव स्थित महेंद्र भारत गैस एजेंसी में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में अनियमितता और कालाबाजारी के आरोपों के बाद पूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों पर जांच में पाया गया कि बड़ी संख्या में ग्राहकों को बुकिंग के बावजूद सिलेंडर नहीं मिले, जबकि उन्हें डिलीवरी मैसेज मिले थे। जांच के दौरान एजेंसी के दो कार्यालयों का पता चला, जिनमें से एक आवास विकास कॉलोनी में बंद था और दूसरा आनंद विहार में था, लेकिन वहां स्टाफ नहीं था। गोदाम में केवल 28 भरे घरेलू सिलेंडर मिले, जबकि 1057 खाली 14.2 किलोग्राम घरेलू सिलेंडर और 112 खाली 19 किलोग्राम कमर्शियल सिलेंडर पाए गए। स्टॉक रजिस्टर उपलब्ध नहीं था।
पूर्ति विभाग ने टियाला रोड स्थित गोदाम को सील कर दिया। आपूर्ति निरीक्षक कमलेश कुमार झा की शिकायत पर एजेंसी संचालक सविता कुमारी गुप्ता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 और लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति एवं वितरण) विनियम 2000 के उल्लंघन में एफआईआर दर्ज की गई है। जांच में पाया गया कि एजेंसी ने जिला पूर्ति कार्यालय या प्रशासन को आपूर्ति बाधित होने या स्टॉक की कमी की सूचना नहीं दी। फरवरी और मार्च में लगभग 50 उपभोक्ताओं ने लिखित बयान दिए, जिनमें कई ने महीनों से गैस न मिलने की बात कही। उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बयान दर्ज कराए कि डिलीवरी बिना सिलेंडर दिए दर्ज की गई।पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह कार्रवाई उपभोक्ताओं की शिकायतों के आधार पर की गई, जिसमें कालाबाजारी से अवैध लाभ कमाने का आरोप है।
