हैदराबाद। हैदराबाद के कुकटपल्ली थाना क्षेत्र के खैटलापुर में मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 29 वर्षीय एस बनोथ श्रावंती नामक महिला ने अपने दो बेटों कार्तिक (12 वर्ष) और कौशिक (10 वर्ष) की हत्या कर दी और उसके बाद खुद आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, महिला के पति बोदा प्रवीण से 13 वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। प्रवीण ने दूसरी शादी कर ली थी, जिसके कारण दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहे थे। इन विवादों के चलते श्रावंती कुछ समय पहले बच्चों को लेकर अपने माता-पिता के घर वारंगल चली गई थी। बाद में परिवार के सदस्यों के समझाने पर वह बच्चों के साथ वापस हैदराबाद लौट आई थी।
मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे प्रवीण काम से घर लौटा तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। बार-बार दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से उसने दरवाजा तोड़ा। अंदर जाकर उसने पत्नी और दोनों बच्चों को मृत अवस्था में पाया। पुलिस करीब 2:30 बजे मौके पर पहुंची।
कुकटपल्ली डीसीपी रीति राज ने बताया कि पति प्रवीण के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस पारिवारिक विवाद और घटना के परिस्थितियों की जांच कर रही है।
