नई दिल्ली।संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की बैठक में भारत ने पाकिस्तान के अफगानिस्तान पर हालिया हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरिश परवाथनेनी ने कहा कि ये हमले अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और राज्य संप्रभुता के सिद्धांतों का खुला उल्लंघन हैं। उन्होंने पाकिस्तान के इन हमलों को “पाखंडी” करार देते हुए कहा कि रमजान के पवित्र महीने में अंतरराष्ट्रीय कानून और इस्लामी एकता के उच्च सिद्धांतों का हवाला देते हुए हमले करना पाखंड है।
परवाथनेनी ने UNAMA के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 6 मार्च 2026 तक कम से कम 185 निर्दोष नागरिक मारे गए हैं, जिनमें लगभग 55 प्रतिशत महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा, इन हमलों से एक लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के व्यापार और पारगमन मार्गों पर लगाए गए प्रतिबंधों पर गहरी चिंता जताई और कहा कि भूमिबद्ध विकासशील देशों के लिए मार्गों को नकारना या मनमाने ढंग से अवरुद्ध करना “ट्रेड एंड ट्रांजिट टेररिज्म” है, जो WTO नियमों, UN चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है।
भारत ने इन कार्रवाइयों से अफगानिस्तान की कमजोरियों को और बढ़ाने की बात कही। बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी तालिबान की आतंकवादी रणनीतियों की निंदा की, जिसमें लोगों को फिरौती के लिए अगवा करना या नीतिगत रियायतों की मांग शामिल है, और इन घृणित तरीकों को समाप्त करने की आवश्यकता बताई।
