पश्चिम बंगाल के मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने की घटना पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त फटकार के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी और राज्य का प्रशासन अब उनके नियंत्रण में नहीं है।ममता बनर्जी ने कहा, “मुझे नहीं पता कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है… किसी ने मुझे जानकारी नहीं दी।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में कानून-व्यवस्था उनके हाथ में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में प्रशासनिक नियंत्रण अब चुनाव आयोग के पास है और अधिकारी उसी के निर्देशों पर काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी चुनाव आयोग के पास होती है, इसलिए वही इस स्थिति के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारी अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बात सुनते हैं, जिससे राज्य सरकार की भूमिका सीमित हो गई है। ममता बनर्जी ने मौजूदा हालात को ‘सुपर राष्ट्रपति शासन’ जैसा बताया।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक ढांचे में बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं और राज्य सरकार के पास पहले जैसी शक्तियां नहीं हैं। उनका कहना है कि फैसले लेने की क्षमता भी प्रभावित हुई है। यह बयान मालदा की घटना को लेकर उठ रहे राजनीतिक और न्यायिक सवालों के बीच आया है।
