पटना: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्टर और वीडियो साझा किया है, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को भविष्य का बड़ा नेता बताया गया है। इस पोस्टर में निशांत कुमार को नीतीश कुमार के विचारों के साथ बिहार की राजनीति में नई दिशा देने का संदेश दिया गया है।
पोस्टर में लिखा है, “मैं हूं ना! ना हो अधीर, निशांत के हाथ में है तीर, सियासत में खींचेंगे नई लकीर। निशांत की धार और नीतीश जी का विचार, विरोधियों को करेगा अशांत, आगे बढ़ेगा बिहार।” जदयू के अंदर भी निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी देने की मांग उठ रही है। इस पोस्ट को सियासी तौर पर अहम संदेश के रूप में देखा जा रहा है।नीतीश कुमार ने हाल ही में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली है। मुख्यमंत्री दिल्ली से लौट चुके हैं। उनकी शपथ को उनके अनुभव और स्थिर नेतृत्व की राष्ट्रीय स्तर पर पुनर्पुष्टि माना जा रहा है। राज्यसभा शपथ के बाद बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर कयास तेज हो गए हैं।
मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि राज्यसभा की शपथ अपने आप में कोई बड़ी बात नहीं है। नई सरकार का गठन मुख्यमंत्री के इस्तीफे और नई शपथ के बाद ही होगा। आने वाले तीन-चार दिन राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं, जिसमें सभी की नजरें नए मुख्यमंत्री के नाम और सरकार गठन की प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।
