Skip to main content

समाचार मिर्ची

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने हरियाणा के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल और कानपुर के शुभम को पत्नि के सामने गोली मार दी। दोनों की हाल ही में शादी हुई थी। वे हनीमून और घूमने के लिए पहलगाम आए थे।

हमले में इंदौर के कारोबारी सुशील नथानियल, जयपुर के नीरज, रायपुर के स्टील कारोबारी दिनेश मिरानिया, बिहार के IB अफसर मनीष रंजन और गुजरात के भी 3 लोग मारे गए। दिनेश अपनी सालगिरह मनाने गए थे।

आतंकी हमले में हरियाणा के करनाल के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल (26) की मौत हुई है। उनकी 7 दिन पहले ही हिमांशी नरवाल के साथ शादी हुई थी। 2 दिन पहले विनय और हिमांशी हनीमून के लिए जम्मू-कश्मीर पहुंचे थे। मंगलवार को जब वे बैसरन घाटी में घूम रहे थे, उसी दौरान आतंकियों ने विनय पर फायरिंग कर दी। जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी हिमांशी नरवाल सुरक्षित हैं। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें हिमांशी कह रही हैं, “मैं अपने पति के साथ भेलपुरी खा रही थी। एक आदमी आया और कहा ये मुस्लिम नहीं है, फिर गोली मार दी।

आतंकियों ने कानपुर के रहने वाले शुभम को पत्नी एशान्या के सामने गोली मार दी। एशान्या चीख-चीखकर रोते हुए आतंकियों से बोलती हैं- मुझे भी गोली मार दो। इस पर आतंकी कहते हैं- हम आपको गोली नहीं मारेंगे, आप सरकार को जाकर बताओ। यह बात एशान्या ने खुद परिवार के लोगों को बताई। शुभम और उनकी पत्नी के साथ उनके परिवार के 11 लोग जम्मू-कश्मीर घूमने गए थे।

इंदौर के वीणा नगर निवासी सुशील नथानियल भी पहलगाम हमले में मारे गए। उनकी बेटी आकांक्षा गोली लगने से घायल हुई है। सुशील आलीराजपुर स्थित LIC की सैटेलाइट शाखा में पदस्थ थे। वे 4 दिन पहले ही 21 साल के बेटे ऑस्टिन गोल्डी, 30 साल की बेटी आकांक्षा और पत्नी जेनिफर के साथ कश्मीर गए थे। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (कानून) अमित सिंह ने सुशील की मौत की पुष्टि की है।

पहलगाम में आतंकियों ने रायपुर के स्टील कारोबारी दिनेश मिरानिया की गोली मारकर हत्या कर दी। आतंकियों ने पत्नी, बेटे और बेटी की आंखों के सामने गोली मारी। पत्नी के चेहरे पर बारूद के छींटे पड़े, जिससे गहरा घाव हो गया। बच्चों को भी हल्की चोट हैं। दिनेश मिरानिया (45) को जिस दिन गोली मारी गई, उसी दिन उनकी शादी की सालगिरह थी। वे परिवार के साथ खुशियां मनाने बैसरन घाटी गए थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version