जालंधर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज जालंधर पहुंच रहे हैं। वे दोपहर बाद चार बजे जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे और सवा पांच बजे तक वहां रहेंगे। दौरे के दौरान वे 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास करेंगे।अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रधानमंत्री पुनर्निर्मित जालंधर कैंट सहित 20 राज्यों के 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इन स्टेशनों के पुनर्निर्माण पर करीब 1,570 करोड़ रुपये की लागत आई है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस मौके पर वे अमृतसर से वाराणसी जाने वाली श्री संत रविदास एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यहां यह जानकारी दे दें कि, प्रधानमंत्री पंजाब में 3,070 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें चार लेन वाले दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेसवे के 30.9 किलोमीटर लंबे पैकेज-6 का उद्घाटन शामिल है। साथ ही 25.2 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले ग्रीनफील्ड दक्षिणी लुधियाना बाईपास की आधारशिला रखेंगे, जिससे लुधियाना और बठिंडा के बीच यात्रा दूरी व समय कम होगा।वर्चुअल माध्यम से वे नांगल बांध-तलवाड़ा-मुकेरियां नई रेल लाइन परियोजना के तहत 830 करोड़ रुपये की दौलतपुर चौक-करतोली नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे। इससे पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। वे करतोली-अंबाला रेल सेवा को भी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन सहित देश के 20 राज्यों के 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इन स्टेशनों के पुनर्निर्माण और आधुनिकीकरण पर लगभग 1,570 करोड़ रुपये की लागत आई है।
अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देना है। इसके अंतर्गत स्टेशनों पर बेहतर यात्री सुविधाएं, आधुनिक प्रतीक्षालय, साफ-सुथरे प्लेटफॉर्म, डिजिटल सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, दिव्यांगजन के लिए सुगम सुविधाएं, सुरक्षित प्रवेश एवं निकास मार्ग और स्थानीय संस्कृति को दर्शाने वाली वास्तुकला विकसित की जा रही है।
जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास भी इसी योजना का हिस्सा है, जिससे स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को अधिक सुविधाजनक अनुभव मिलेगा।
चलते चलते बता दे कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जालंधर दौरा पंजाब के लिए बुनियादी ढांचे के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास राज्य के परिवहन नेटवर्क को नई मजबूती देगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण, दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेसवे का विस्तार, दक्षिणी लुधियाना बाईपास की शुरुआत, दौलतपुर चौक-करतोली नई रेल लाइन का उद्घाटन और करतोली-अंबाला रेल सेवा का शुभारंभ क्षेत्रीय संपर्क, आर्थिक विकास और यात्रियों की सुविधा को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकते हैं।
