नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड दौरे पर खाली हाथ लौट रही है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सात मैचों में एक भी जीत नहीं मिली। शनिवार रात खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 मैच में भी भारत को हार का सामना करना पड़ा।
जानकारी दे दें कि, इंग्लैंड ने जोस बटलर (131 रन) और हैरी ब्रूक (नाबाद 95 रन) की पारियों के दम पर तीन विकेट खोकर 257 रन बनाए। भारत आठ विकेट गंवाकर 201 रन ही बना सका। इसी के साथ इंग्लैंड ने सीरीज 4-0 से अपने नाम कर ली। पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।
इस दौरान मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि इस सीरीज से सीखने के लिए बहुत कुछ है। उन्होंने कंडीशंस, अवेयरनेस और सामंजस्य बिठाने की जरूरत पर जोर दिया। अय्यर ने फील्डिंग में सुधार की बात कही और कहा कि टीम ने कैच छोड़े जिससे नुकसान हुआ। उन्होंने बताया कि बल्लेबाजी के दौरान एप्रोच अलग थी और पार्टनरशिप पर ध्यान देने की बजाय चेजिंग पर फोकस किया गया।कप्तान अय्यर ने इंग्लैंड की तारीफ करते हुए कहा कि बटलर और ब्रूक ने बेहतरीन रणनीति लागू की और उनकी साझेदारी ने मैच पलट दिया।
