लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने आज 11 फरवरी 2026 को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया, जो राज्य के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सदन में कुल 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ 35 लाख रुपये का बजट प्रस्तुत किया। यह पिछले वर्ष के बजट से लगभग 12.9 प्रतिशत अधिक है और योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम पूर्ण बजट होने के कारण इसे राजनीतिक और विकास के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह बजट विभिन्न वर्गों को सौगातें देने वाला और विकास की गति को तेज करने वाला साबित होगा।
हम आपको बता दें कि, बजट पेश करने से पहले सुबह कैबिनेट बैठक में कई प्रस्तावों पर मुहर लगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे “सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, हर हाथ को काम” की थीम वाला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में राज्य का परसेप्शन पूरी तरह बदल गया है। पॉलिसी पैरालिसिस खत्म हुआ, बजट तीन गुना से अधिक बढ़ा, कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया, कर चोरी रोकी गई और राज्य को सरप्लस स्टेट बनाया गया। RBI की फिस्कल रिस्पॉन्सिबिलिटी एंड बजट मैनेजमेंट (RBFM) के तहत अनुशासन बनाए रखा गया है। पूंजीगत व्यय (कैपिटल एक्सपेंडिचर) 2 लाख करोड़ से अधिक रखा गया है, जो इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क, एक्सप्रेसवे, बिजली, सिंचाई और शहरी विकास पर मजबूत फोकस दर्शाता है।
इस संबंध मेंजानकारी दे दें कि, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में आवंटन क्रमशः कुल बजट का 12.4 प्रतिशत और 6 प्रतिशत है। 14 नए मेडिकल कॉलेज, हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल, इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। ग्रामीण विकास के लिए 25,500 करोड़ रुपये का प्रावधान है, जिसमें विकसित भारत ग्राम और मनरेगा योजनाएं शामिल हैं। पंचायती राज के लिए 32 हजार करोड़ रुपये (67 प्रतिशत अधिक) दिए गए हैं।
चलते चलते बताते चले कि, बजट में कुल 43,000 करोड़ रुपये की नई योजनाएं शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री योगी ने इसे विकसित भारत और आत्मनिर्भर-विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में नई ऊर्जा देने वाला बताया है। दोपहर में मुख्यमंत्री योगी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस कीं, जहां बजट पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।यह बजट समावेशी विकास, महिला सशक्तिकरण, युवा रोजगार और किसान समृद्धि का मिश्रण है। राज्य की 25 करोड़ आबादी की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में यह एक मजबूत कदम है। अधिक विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक बजट दस्तावेज देखें।
