हैदराबाद। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने आरआर को 57 रन से हराया। एसआरएच ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 216 रन बनाए, जबकि आरआर 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गया।आरआर की टीम पावरप्ले में 9 रन पर पांच विकेट गंवा बैठी। एसआरएच के डेब्यूटेंट प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने 4-4 विकेट झटके। रियान पराग खुद मात्र 4 रन बनाकर आउट हुए। डोनोवन फरेरा और रवींद्र जडेजा ने 100 रन की साझेदारी कर टीम को 160 के करीब पहुंचाया।
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में आरआर कप्तान रियान पराग ने कहा, “इमोशंस को महसूस करने के लिए बहुत समय नहीं है। जिस तरह उन्होंने गेंदबाजी की, उसका श्रेय उन्हें जाता है। हमारी ओर से कुछ गलत आकलन हुए।” उन्होंने आगे कहा कि गेंद हाथ से छूटने की गति और विकेट पर आने के तरीके से टीम थोड़ी चौंक गई थी।
पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के फैसले पर अफसोस जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा दूसरी पारी में गेंदबाजी करना बेहतर रहता। पराग ने कहा, “9 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद भी 160 तक पहुंचना हमारी टीम की गहराई बताता है। ये सिर्फ एक छोटी सी चूक है।” आरआर लगातार चार जीत के बाद इस हार के साथ भी पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर बनी हुई है।
