तमिलनाडु। तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार हो गया है। इस विस्तार में टीवीके के 21 विधायकों के साथ कांग्रेस के दो विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इससे कांग्रेस लगभग 59 वर्ष बाद तमिलनाडु सरकार में शामिल हुई है।
जानकारी दे दें कि, शपथ लेने वाले कांग्रेस के दो विधायक राजेश कुमार और तिरु पी. विश्वनाथन हैं। टीवीके के 21 विधायकों में श्रीनाथ, कमली एस, सी विजयलक्ष्मी और अन्य शामिल हैं। इस विस्तार के बाद विजय सरकार में मंत्रियों की कुल संख्या 32 हो गई है।
गौरतलब हैं कि, पिछली बार कांग्रेस ने एम. भक्तवत्सलम के नेतृत्व में तमिलनाडु में सरकार चलाई थी, जिसका कार्यकाल मार्च 1967 में समाप्त हुआ था। वर्तमान में आईयूएमएल और वीसीके जैसे सहयोगी दलों के लिए कैबिनेट में पद आरक्षित रखे गए हैं, हालांकि वे अभी इस विस्तार का हिस्सा नहीं बने हैं। टीवीके सरकार इन दलों को गठबंधन में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रही है।
