वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान के बाद अब ओमान को धमकी दी है। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्ता है और यहां किसी एक देश का कब्जा या कंट्रोल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।ट्रम्प ने कहा कि दुनिया के सभी जहाजों को यहां से गुजरने की आजादी होगी। हम इस पर नजर रखेंगे, लेकिन इसे कोई कंट्रोल नहीं करेगा। ईरान इसे कंट्रोल करना चाहता है, लेकिन ऐसा नहीं होगा। यह अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र है।
इस कड़ी में ट्रम्प ने आगे कहा कि ओमान को भी बाकी देशों की तरह व्यवहार करना होगा, नहीं तो उसे उड़ा देंगे। उन्होंने यह बयान व्हाइट हाउस में कैबिनेट बैठक के दौरान दिया।ट्रम्प ने ईरान के संदर्भ में भी कहा कि तेहरान के पास अब समझौता करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि उन्हें मिडटर्म चुनाव की कोई परवाह नहीं है।
ओमान को लेकर ट्रम्प के बयान का संदर्भ
ट्रम्प द्वारा ओमान का नाम लेने के बाद राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ओमान आमतौर पर खाड़ी क्षेत्र में संतुलित और शांतिपूर्ण कूटनीति के लिए जाना जाता है। वह अक्सर ईरान और पश्चिमी देशों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाता रहा है।
वही, विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रम्प का बयान संभवतः इस बात को लेकर था कि होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास स्थित सभी देशों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों और वैश्विक व्यापारिक हितों का सम्मान करना चाहिए। हालांकि ओमान की ओर से इस बयान पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा परिस्थिति में सभी पक्षों को संयम बरतने और कूटनीतिक समाधान पर जोर देने की जरूरत है। समुद्री मार्गों की सुरक्षा वैश्विक व्यापार और आर्थिक स्थिरता के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।
फिलहाल ट्रम्प के बयान के बाद दुनिया की नजर अमेरिका, ईरान और खाड़ी क्षेत्र की गतिविधियों पर टिकी हुई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और कूटनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
