समाचार मिर्ची

अमेरिका। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने या सैन्य हमले का सामना करने की धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान मंगलवार तक सीजफायर नहीं करता और होर्मुज नहीं खोलता तो ईरानी बुनियादी ढांचे पर हमले किए जाएंगे। उन्होंने आक्रामक भाषा में चेतावनी दी कि यदि शांति समझौता नहीं हुआ तो पूरा ईरान तबाह कर दिया जाएगा।

ईरान ने इस अल्टीमेटम को गंभीरता से नहीं लिया और इसका उपहास उड़ाया है। जिम्बाब्वे स्थित ईरानी दूतावास ने कहा कि ‘हमने होर्मुज की चाबियां खो दी हैं’। दूतावास ने 5 अप्रैल 2026 को ट्वीट कर लिखा, “We’ve lost the keys” और रहस्यमय टिप्पणियों के साथ ट्रंप का मजाक उड़ाया। ईरान ने अल्टीमेटम को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

मिडिल ईस्ट में एक महीने से अधिक समय से जारी युद्ध के बीच ईरान होर्मुज स्ट्रेट पर अपना पूरा नियंत्रण बनाए हुए है। इससे वैश्विक तेल आपूर्ति बाधित हो रही है। होर्मुज से दुनिया के करीब 20 प्रतिशत ईंधन गुजरता है। ईरान ने स्ट्रेट फिर से खोलने के लिए अमेरिका-इजरायल के हमलों से हुए नुकसान का मुआवजा मांगा है। अन्यथा वह होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से टैक्स लेने पर अड़ा हुआ है।

ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ ने ट्रंप पर अमेरिका को जीते-जी नरक में घसीटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी कार्रवाइयां इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व में हो रही हैं। ईरान ने अपनी सीमा से बाहर खाड़ी देशों के बुनियादी ढांचे पर हमले किए हैं और होर्मुज पर अपनी पकड़ मजबूत करने के संकेत दिए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version