अमेरिका। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ चल रही जंग 4-5 हफ्ते तक चल सकती है, लेकिन अमेरिका के पास इससे अधिक समय तक कार्रवाई जारी रखने की क्षमता है। व्हाइट हाउस में दिए बयान में ट्रम्प ने बताया कि अमेरिकी सेना अभी भी ईरान में बड़े पैमाने पर अभियान चला रही है। उन्होंने सीएनएन को दिए साक्षात्कार में कहा कि अमेरिका ने अभी पूरी ताकत से हमला नहीं किया है और ईरान पर सबसे बड़ा हमला अभी बाकी है। ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका के पास दुनिया की सबसे बड़ी सेना है।
इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग का आज तीसरा दिन है, जो 28 फरवरी 2026 को शुरू हुई। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, पहले 30 घंटों में अमेरिका और इजराइल ने ईरान के 1,000 से अधिक स्थलों पर हमला किया और 2,000 से ज्यादा बम गिराए। इन हमलों में 555 ईरानी मारे गए और 740 से अधिक घायल हुए। ईरान ने तीसरे दिन मध्य पूर्व के चार देशों में छह अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। कुवैत में तीन अमेरिकी फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हुए, हालांकि अमेरिका ने कहा कि सभी पायलट सुरक्षित हैं।
ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई पहले दिन के हमलों में मारे गए थे। उनकी पत्नी की भी चोटों से मौत हो गई। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने खामेनेई की मौत को धार्मिक अपराध बताया। इजराइल ने तेहरान के रक्षा मुख्यालय और सरकारी भवनों पर हमले किए। अमेरिकी बी-1 बॉम्बर ने ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल क्षमताओं को निशाना बनाया। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने का दावा किया है और वहां से गुजरने वाले जहाजों पर हमला करने की चेतावनी दी है।
