मुंबई। महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में हुए चुनावों की वोटों की गिनती आज 16 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है। राज्य चुनाव आयोग (State Election Commission) के अनुसार, कुल 893 वार्डों में फैली 2,869 सीटों के लिए लगभग 15,931 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनके भाग्य का फैसला आज हो रहा है। इन चुनावों में राज्य भर से करीब 3.48 करोड़ मतदाताओं ने हिस्सा लिया, और कुल मतदान प्रतिशत 46 से 50 प्रतिशत के बीच रहा।
जानकारी देते चले कि, ये चुनाव महाराष्ट्र की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ हैं। 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद यह पहला बड़ा स्थानीय चुनाव है, जहां उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ‘मराठी मानुष’ के मुद्दे पर एकजुट होकर चुनाव लड़ रही हैं। दोनों चचेरे भाई लगभग दो दशक बाद एक साथ आए हैं, और नतीजे उनके भविष्य की राजनीतिक साझेदारी का संकेत देंगे। दूसरी ओर, भाजपा और एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना महायुति के तहत अधिकांश नगर निगमों में साथ हैं, लेकिन पुणे में अलग-अलग मैदान में उतरे हैं। एनसीपी के दोनों गुट—अजीत पवार और शरद पवार—पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में वोटों के बंटवारे से बचने के लिए एक साथ आए हैं।
आपको बता दें कि, गिनती की प्रक्रिया में बीएमसी के लिए 23 केंद्र बनाए गए हैं, जहां पोस्टल बैलट पहले गिने जा रहे हैं। गिनती चरणबद्ध तरीके से हो रही है—एक समय में दो वार्डों की गिनती—जिससे नतीजे शाम तक या रात में आने की संभावना है। अन्य प्रमुख नगर निगमों जैसे पुणे, ठाणे, नवी मुंबई, पिंपरी-चिंचवड़, नागपुर, नासिक आदि में भी गिनती समानांतर चल रही है। पुणे में एनसीपी गुटों का एकजुट होना और महायुति का अलग-अलग लड़ना रोचक मुकाबला पेश कर रहा है।
ये भी जानकारी दे दें कि, राज्य चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट mahasec.maharashtra.gov.in पर वार्ड-वार और पार्टी-वार अपडेट उपलब्ध हैं। प्रमुख समाचार चैनल और वेबसाइट्स जैसे इंडियन एक्सप्रेस, एनडीटीवी, टाइम्स ऑफ इंडिया आदि लाइव ब्लॉग चला रहे हैं। शुरुआती रुझान महायुति के पक्ष में दिख रहे हैं, लेकिन अंतिम नतीजे गिनती के साथ स्पष्ट होंगे। क्या बीजेपी-शिंदे गुट बीएमसी का ‘किंग’ बनेगा, या ठाकरे भाइयों का गठबंधन कमबैक करेगा? यह दिन महाराष्ट्र की राजनीति के लिए निर्णायक साबित हो रहा है।
