नई दिल्ली।प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात से नहीं, बल्कि असम के गुवाहाटी से इस किस्त का शुभारंभ करेंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 9 करोड़ 32 लाख से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए 18,640 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जाएगी।
प्रत्येक पात्र किसान परिवार को इस किस्त में 2,000 रुपये मिलेंगे। योजना के तहत सालाना 6,000 रुपये तीन किस्तों में दिए जाते हैं। अब तक 21 किस्तें जारी हो चुकी हैं, जिनके माध्यम से कुल 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है। पीएम-किसान की आधिकारिक हैंडल ने 10 मार्च को इसकी पुष्टि की है।
किसान अपनी स्थिति pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जांच सकते हैं। पात्रता के लिए ई-केवाईसी पूरा होना, आधार से लिंक बैंक खाता और सही भूमि रिकॉर्ड आवश्यक हैं। यह किस्त किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आ रही है, खासकर जब वे फसल तैयारियों में व्यस्त हैं।
