मुंबई: मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 के लिए अपना प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप सोमवार को मुंबई में शुरू कर दिया है। हेड कोच महेला जयवर्धने ने कहा कि प्री-सीजन का पहला दिन हमेशा स्पेशल होता है, क्योंकि खिलाड़ी नई एनर्जी लेकर आते हैं और पूरी मुहिम की दिशा तय करते हैं। उन्होंने बताया कि टीम में फ्रेंचाइजी को अच्छे से जानने वाले खिलाड़ी हैं और कुछ नए चेहरे भी शामिल हैं। जयवर्धने ने जोर दिया कि पहले दिन से ही ट्रेनिंग और तैयारी पर पूरा फोकस दिखाना जरूरी है, क्योंकि डे-1 ही सीजन की टोन सेट करता है।
पहले ट्रेनिंग सेशन में फिटनेस और कंडीशनिंग पर फोकस रहा, जिसमें मूवमेंट ड्रिल्स, एजिलिटी एक्सरसाइज और फिटनेस टेस्ट शामिल थे। बॉलिंग कोच लसिथ मलिंगा और पारस म्हाम्ब्रे ने गेंदबाजों को टिप्स दिए, जबकि फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन ने फील्डिंग ड्रिल्स कराईं। स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग और फिजियो टीम भी मौजूद रही। पहले सेशन में शार्दुल ठाकुर, मयंक मार्कंडे, अल्लाह गजनफर, नमन धीर, राजा अंगद बावा, रोबिन मिंज, रघु शर्मा, मयंक रावत, डेनिश मलेवा, मोहम्मद इजार और अश्विनी कुमार जैसे खिलाड़ी शामिल हुए।
कप्तान हार्दिक पंड्या, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह जैसे प्रमुख खिलाड़ी जल्द ही कैंप में शामिल होंगे। टीम में ट्रेंट बोल्ट की वापसी हुई है, साथ ही क्विंटन डी कॉक, मिशेल सैंटनर और विल जैक्स विदेशी खिलाड़ी हैं। भारतीय तेज गेंदबाजी में दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर के साथ बैलेंस्ड यूनिट बनी है। मुंबई इंडियंस का पहला मैच 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में होगा।
