लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले जारी ताज़ा सर्वे ने राजनीतिक हलचल तेज़ कर दी है। सर्वे के मुताबिक भाजपा गठबंधन को प्रदेश में बंपर जीत मिलने का अनुमान है। आंकड़ों के अनुसार भाजपा गठबंधन को 267 सीटें मिल सकती हैं, जिनमें भाजपा अकेले 246 सीटों पर जीत दर्ज करती दिख रही है। सहयोगी दलों में अपना दल (एस) को 9, आरएलडी को 3, निषाद पार्टी को 4 और सुभासपा को 1 सीट मिलने का अनुमान है।
दूसरी ओर समाजवादी पार्टी गठबंधन को 132 सीटें मिल सकती हैं। इसमें सपा को 125 और कांग्रेस को 7 सीटें मिलने का अनुमान है। यह सपा के लिए बड़ा झटका होगा क्योंकि लगातार तीसरी बार सत्ता से बाहर रहने की संभावना जताई जा रही है। कांग्रेस और सपा के बीच हाल के दिनों में बयानबाज़ी भी तेज़ रही है, जिससे गठबंधन की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं।
सर्वे में वोट शेयर के आंकड़े भी अहम हैं। भाजपा को 44% वोट मिलने का अनुमान है, जबकि सपा गठबंधन को 38% वोट मिल सकते हैं। दोनों के बीच लगभग 6% का अंतर दिख रहा है, जो चुनावी राजनीति में निर्णायक साबित हो सकता है। वहीं बसपा को मात्र 0.8% और अन्य दलों को करीब 10% वोट मिलने का अनुमान है।
पिछले चुनावों की तुलना में भाजपा का वोट शेयर बढ़ा है। 2022 में भाजपा ने 255 सीटें जीती थीं और उसका वोट शेयर 41.3% था। सपा को तब 111 सीटें मिली थीं और उसका वोट शेयर 32.1% था। इस बार सर्वे में भाजपा का वोट शेयर और सीटें दोनों बढ़ते दिख रहे हैं, जबकि सपा के लिए स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
