बालोतरा। बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र के मलवा गोयलान गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। 21 वर्षीय महेंद्र कुमार पुत्र पेमाराम मेघवाल की उनकी पत्नी अनु देवी और उसके प्रेमी अमराराम ने मिलकर गला घोंटकर हत्या कर दी। महेंद्र कुमार की शादी अनु देवी से करीब तीन वर्ष पहले हुई थी, लेकिन अनु देवी इस विवाह से खुश नहीं थीं और अधिकतर समय अपने पीहर में रहती थीं।
करीब एक सप्ताह पहले सामुदायिक मध्यस्थता के बाद अनु देवी ससुराल लौटी थीं, लेकिन वे सास-ससुर के साथ रहने से इनकार करती रहीं, जिसके कारण परिवार अलग-अलग रहने लगा। शुक्रवार शाम को महेंद्र कुमार ने परिवार के साथ भोजन किया और अपने कमरे में सो गए। रात में अनु देवी ने अपने प्रेमी अमराराम (तिलवाड़ा निवासी, शिक्षक, जो चिड़िया क्षेत्र की सरकारी स्कूल में पदस्थ हैं) को घर बुलाया। दोनों ने मिलकर सोते हुए महेंद्र कुमार का गला घोंटकर हत्या कर दी।
सुबह महेंद्र कुमार की मां उन्हें जगाने गईं तो वे बेहोश पाए गए। शरीर ठंडा होने पर परिवार को संदेह हुआ और उन्होंने गिड़ा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का कब्जा लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल बोर्ड गठित किया। परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शवागार के बाहर धरना दिया और पोस्टमार्टम से पहले गिरफ्तारी की शर्त रखी।
पूछताछ में अनु देवी और अमराराम ने हत्या की बात कबूल ली। पुलिस ने अमराराम को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया और अनु देवी को भी डिटेन कर गिरफ्तार किया। गिड़ा थानाध्यक्ष दलपत सिंह ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
