नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के वीकली अपडेट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 30 मार्च से 5 अप्रैल तक मौसम लगातार बदलाव भरा रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
1 और 2 अप्रैल को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने के साथ तापमान में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इन दिनों अधिकतम तापमान 32-36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद 3 अप्रैल को अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री और 4 अप्रैल को फिर 30-32 डिग्री रहने की संभावना है, जिसमें बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी से तापमान में थोड़ी गिरावट देखी जा सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक पूरे सप्ताह तापमान सामान्य के आसपास या थोड़ा ऊपर रह सकता है, लेकिन हीटवेव या लू चलने की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है, जो हीटवेव की श्रेणी में नहीं आएगा।
