गंगटोक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय सिक्किम दौरे पर पहुंचे हैं। उन्होंने सिक्किम के राज्य बनने के 50वें वर्ष के समापन समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि सिक्किम आने पर उन्हें नई अनुभूति, नया आनंद और चारों तरफ उत्सव का माहौल दिखा। उन्होंने राज्य की सुंदरता, शांति और आध्यात्मिक आनंद की सराहना की।
पीएम मोदी ने कहा कि सिक्किम ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत के दर्शन करा दिए हैं। उन्होंने राज्य की स्वच्छता की तारीफ करते हुए कहा कि सड़कों पर दूर-दूर तक कोई गंदगी नहीं दिखी। पीएम ने सिक्किम के लोगों की सौम्यता, सादगी और मुस्कान को अद्भुत बताया। उन्होंने रोड शो का जिक्र करते हुए कहा कि हाथों में तिरंगा, भारत माता की जय और वंदे मातरम् का उद्घोष पूरा वातावरण एक भारत-श्रेष्ठ भारत की तस्वीर से रंगा हुआ था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सिक्किम और नॉर्थ ईस्ट भारत की अष्टलक्ष्मी हैं। उन्होंने एक्ट ईस्ट पॉलिसी के साथ नॉर्थ ईस्ट के लिए एक्ट फास्ट का संकल्प लिया है। पीएम मोदी ने सिक्किम की पर्यटन अर्थव्यवस्था और फ्लोरा डाइवर्सिटी की चर्चा की। उन्होंने बताया कि सिक्किम का क्षेत्रफल देश के कुल क्षेत्रफल का एक प्रतिशत से भी कम है, लेकिन यहां देश की 25 प्रतिशत से अधिक फ्लोरा डाइवर्सिटी मिलती है।
उन्होंने कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते वर्षों में यहां सैकड़ों किलोमीटर हाईवे का निर्माण हुआ है और गांव-गांव तक सड़कों को पहुंचाने का काम तेजी से चल रहा है। पीएम मोदी ने सिक्किम सरकार की विरासत संरक्षण और विकास कार्यों की सराहना की।
