कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद कई इलाकों में हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। आसनसोल, कोलकाता और मुर्शिदाबाद समेत विभिन्न जगहों पर TMC दफ्तरों पर हमले, आगजनी और तोड़फोड़ की खबरें हैं। चुनाव आयोग ने हिंसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कोर्ट मोड़ पर TMC की वार्ड नंबर ५३ की पार्षद मौसमी बोस के दफ्तर में देर रात आग लगा दी गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दफ्तर जलकर राख हो गया और पास की एक दुकान को भी नुकसान पहुंचा। आसनसोल फायर स्टेशन से फायर टेंडर पहुंचा और आग पर काबू पाया गया। स्थानीय दुकानदार हरेकृष्ण बनर्जी ने बताया कि दुकान बंद करने के कुछ देर बाद उन्हें आग की सूचना मिली। बीजेपी विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में बुलडोजर लेकर पहुंची भीड़ ने TMC के यूनियन दफ्तर को ढहा दिया। इलाके में तोड़फोड़ हुई, जिससे दुकानदारों में दहशत फैल गई और उन्होंने अपनी दुकानें बंद कर दीं। TMC नेताओं ने इस घटना में बीजेपी समर्थकों पर आरोप लगाया है। मुर्शिदाबाद के जियागंज में लेनिन की दशकों पुरानी प्रतिमा को तोड़ दिया गया। TMC ने बीजेपी पर आरोप लगाया, जबकि बीजेपी ने अपनी भूमिका से इनकार किया है। नदिया जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने TMC दफ्तर पर कब्जा कर लिया।
