नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप फ्रांस में होने वाले आगामी G7 शिखर सम्मेलन में मिल सकते हैं। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी को इस सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।
यहां यह बता दें किु, फ्रांस जून में G7 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। यह सम्मेलन 15 से 17 जून तक फ्रेंच आल्प्स स्थित एवियन-लेस-बैंस में आयोजित होगा। इस साल की शुरुआत में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने 17-19 फरवरी 2026 को भारत की आधिकारिक यात्रा के दौरान पीएम मोदी को G7 सम्मेलन में शामिल होने का न्योता दिया था। प्रधानमंत्री मोदी की भागीदारी की पुष्टि मार्च की शुरुआत में ही हो चुकी है।
जानकारी देते चले कि, राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के भी इस शिखर सम्मेलन में शामिल होने की संभावना है। दोनों नेताओं के बीच पिछली मुलाकात 13 फरवरी 2025 को व्हाइट हाउस में हुई थी। रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, व्यापार और अपराध से निपटने जैसे वैश्विक मुद्दों पर चर्चा पर ध्यान केंद्रित करने वाले हैं। इस सम्मेलन में किसी औपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर की उम्मीद नहीं है। G7 शिखर सम्मेलन ट्रंप के 80वें जन्मदिन के ठीक एक दिन बाद शुरू हो रहा है।
