रोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने बुधवार को रोम में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान मेलोनी ने हिंदी में बोलते हुए कहा कि ‘परिश्रम ही सफलता की कुंजी है’। उन्होंने भारत में ‘परिश्रम’ शब्द को विशेष बताया, जिसका अर्थ मेहनत, लगातार प्रयास और समर्पण है।
प्रधानमंत्री मोदी ने रोम को दुनिया का ‘इटरनल सिटी’ (कभी न खत्म होने वाला शहर) बताया। उन्होंने कहा कि भारत में उनकी लोकसभा सीट काशी को भी इसी तरह जाना जाता है। मोदी ने दो सभ्यताओं के मिलन पर जोर देते हुए कहा कि ऐसी मुलाकातें एजेंडे तक सीमित नहीं रहतीं।
यहां यह बता दें कि, प्रधानमंत्री मोदी को रोम में संयुक्त राष्ट्र के फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन (FAO) द्वारा एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार भारत में कृषि उत्पादन बढ़ाने, खाद्य सुरक्षा मजबूत करने और ग्रामीण विकास के उनके योगदान के लिए दिया गया। मोदी ने इसे भारत के करोड़ों किसानों, पशुपालकों, मछुआरों और कृषि वैज्ञानिकों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि भारत में खेती संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है, जहां धरती को मां और किसान को धरती पुत्र कहा जाता है।
चलते चलते बता दें कि, दोनों देशों ने अपने संबंधों को ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा देने का फैसला किया। व्यापार को 2029 तक 20 अरब यूरो तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया। दोनों नेता IMEC (इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर) को आगे बढ़ाने पर भी सहमत हुए। मेलोनी को भारत आने का निमंत्रण दिया गया।
