श्रीनगर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सोमवार सुबह प्रतिबंधित जमात-ए-इस्लामी कश्मीर के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए मध्य और दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में छापामारी की। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों को फिर से सक्रिय करने के कथित प्रयासों की जांच के सिलसिले में की गई।
इस कड़ी में बता दें कि, NIA की टीमें जम्मू-कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की मदद से श्रीनगर के लाल बाजार इलाके तथा दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के कई स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चला रही हैं। छापामारी वाले स्थानों में शोपियां जिले के ज़ैनापोरा के मुलू चित्रगाम इलाके में एक व्यक्ति का घर शामिल है। सूत्रों के अनुसार, यह व्यक्ति जमात-ए-इस्लामी से जुड़ा था और जिला शोपियां का अमीर-ए-जमात रह चुका है। वह जामिया सिराज-उल-उलूम इमाम साहिब से भी संबद्ध बताया जाता है।
शोपियां के इमाम साहिब इलाके में स्थित जमात-ए-इस्लामी से जुड़े सिराज-उल-उलूम संस्थान में भी तलाशी ली गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह छापामारी NIA की उस जांच का हिस्सा है जिसमें जमात-ए-इस्लामी की गतिविधियों को अलगाववाद और भारत-विरोधी प्रचार को बढ़ावा देने के लिए फिर से सक्रिय करने के प्रयासों की पड़ताल की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में जांच का दायरा और बढ़ सकता है। यदि तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों और डिजिटल डेटा में कोई अहम जानकारी सामने आती है, तो और लोगों से पूछताछ की जा सकती है। फिलहाल NIA पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अंत मे बताते चले कि, जम्मू-कश्मीर में लंबे समय से अलगाववाद और आतंकवाद से जुड़े मामलों पर केंद्र सरकार सख्त रुख अपनाए हुए है। ऐसे में NIA की यह कार्रवाई घाटी में सक्रिय संदिग्ध नेटवर्कों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आने वाले दिनों में जांच से जुड़े और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
