भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित रचना टॉवर में गुरुवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसा एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में बैटरी बदलने के दौरान हुए ब्लास्ट की वजह से हुआ। बताया जा रहा है कि स्कूटर जॉय कंपनी का था।
ब्लास्ट इतना जोरदार था कि देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़ी स्कूटर मालिक की एर्टिगा कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में इलेक्ट्रिक स्कूटर और कार दोनों पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
घटना के बाद सोसायटी प्रबंधन की बड़ी लापरवाही भी सामने आई। जानकारी के अनुसार परिसर में न तो फायर अलार्म लगे थे और न ही आग बुझाने के पाइप की व्यवस्था थी। समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
