मुंबई।कंगना रनौत अभिनीत फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ बॉक्स ऑफिस पर ठंडा प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के चौथे दिन यानी पहले सोमवार को यह फिल्म मंडे टेस्ट में बुरी तरह फेल हो गई। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने 1,866 शोज में कुल 65 लाख रुपये (नेट) की कमाई की।
गौरतलब है कि, फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसमें पहले दिन एक करोड़ से अधिक की ओपनिंग हुई। दूसरे दिन शनिवार को 1.45 करोड़ और तीसरे दिन 1.80 करोड़ की कमाई हुई। चार दिनों में भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 4.90 करोड़ रुपये पहुंच गई है, जबकि ग्रॉस कमाई 5.86 करोड़ रुपये है।
जानकारी के अनुसार फिल्म की लागत 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। चार दिनों में इसने अपनी लागत का मात्र 32.66 प्रतिशत ही वसूला है। फिल्म को क्रिटिक्स से पॉजिटिव रिव्यू मिले हैं, लेकिन दर्शकों की संख्या कम रहने के कारण बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष जारी है।यह फिल्म 2008 के मुंबई हमलों के दौरान कामा अस्पताल में मेडिकल स्टाफ की बहादुरी पर आधारित है। मनोज तापड़िया द्वारा निर्देशित और कंगना रनौत द्वारा को-प्रोड्यूस इस फिल्म में कंगना के अलावा ईशा डे, गिरिजा ओक और स्मिता तांबे भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
