नई दिल्ली। डीआरडीओ ने अग्नि-6 इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) को तकनीकी रूप से तैयार कर लिया है। डीआरडीओ चेयरमैन समीर वी कामत ने कहा कि मिसाइल का हर हिस्सा अलग-अलग टेस्ट हो चुका है। अब पूरा एकीकृत टेस्ट बाकी है, जिसके लिए सिर्फ सरकार की मंजूरी का इंतजार है।
अग्नि-6 की रेंज 10,000 किलोमीटर से ज्यादा बताई जा रही है। यह मिसाइल MIRV तकनीक से लैस होगी, जिसका मतलब Multiple Independently Targetable Re-entry Vehicle है। एक ही मिसाइल से कई न्यूक्लियर वॉरहेड अलग-अलग लक्ष्यों पर दागे जा सकते हैं।
भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर कहा कि अग्नि-6 महाशक्ति बनने की ओर बढ़ता भारत है। 10,000+ किमी रेंज और MIRV तकनीक के साथ यह मिसाइल इतिहास रचने के लिए तैयार है। इस घोषणा के साथ बंगाल की खाड़ी में NOTAM जारी किया गया है, जो लंबी दूरी की मिसाइल टेस्ट की तैयारी का संकेत देता है।
