कोलकाता। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रवेश की घोषणा की है। AIMIM ने हुमायूं कबीर की ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ (एजेडीयूपी) के साथ गठबंधन किया है। यह गठबंधन राज्य की 182 सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
गठबंधन के तहत एजेडीयूपी 182 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी, जबकि AIMIM लगभग 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हुमायूं कबीर खुद तीन सीटों से चुनाव लड़ेंगे, जिनमें मुर्शिदाबाद जिले की भगवानगोला, नौदा और राजीनगर सीटें शामिल हैं। एजेडीयूपी ने अब तक 18 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिसमें रानीनगर, भगवानगोला और मुर्शिदाबाद जैसी सीटें शामिल हैं।
असदुद्दीन ओवैसी 25 मार्च को कोलकाता में हुमायूं कबीर के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जहां गठबंधन की औपचारिक जानकारी दी जाएगी। यह नया राजनीतिक समीकरण राज्य की मुस्लिम बहुल सीटों पर प्रभाव डाल सकता है और चुनावी मुकाबले को रोचक बना सकता है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण की 152 सीटों पर 23 अप्रैल 2026 को मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण की 142 सीटों पर 29 अप्रैल 2026 को वोट डाले जाएंगे। चुनाव के नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद गठबंधनों और प्रचार की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
