Skip to main content

समाचार मिर्ची

नई दिल्ली। फल की खेती अब किसानों के बीच कमाई का स्मार्ट ऑप्शन बन रही है। एप्पल, आम और अनार तीनों की बाजार में अच्छी डिमांड है, लेकिन कमाई जमीन, मौसम, पानी, लागत और मंडी भाव के आधार पर अलग-अलग होती है। सेब की खेती ठंडे इलाकों के किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में इसकी अच्छी पैदावार मिलती है और अच्छी क्वालिटी के सेब को बाजार में बेहतर दाम मिल जाते हैं। हालांकि बाग लगाने के बाद तुरंत कमाई शुरू नहीं होती क्योंकि पेड़ों को तैयार होने में समय लगता है। इसके साथ मौसम और तापमान पर भी नजर रखनी पड़ती है। आम की खेती कई जगहों पर होती है। दशहरी, लंगड़ा, चौसा, केसर और आम्रपाली जैसी किस्मों की अच्छी मांग रहती है। एक बार बाग अच्छी तरह तैयार हो जाए तो कई साल तक उत्पादन लिया जा सकता है। इसे लंबी अवधि वाला निवेश माना जाता है और सही बाजार मिलने पर कमाई अच्छी बनती है।

जानकारी दे दें कि,अनार की खेती किसानों के बीच तेजी से पॉपुलर हो रही है। कम पानी वाले इलाकों में इसकी खेती का अच्छा स्कोप है। महाराष्ट्र के साथ मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में किसान अनार की खेती कर रहे हैं। भगवा जैसी किस्म की बाजार में अच्छी मांग रहती है और अच्छी क्वालिटी का फल मिलने पर कीमत बेहतर मिल सकती है।

यहां यह भी जानकारी देते चले कि, कमाई के मामले में सेब के एक एकड़ बाग से तीसरे साल के बाद सालाना 5 से 8 लाख रुपये की कमाई मुमकिन है। आम का पूरा तैयार बाग हर साल 3 से 6 लाख रुपये तक का मुनाफा दे सकता है। अनार सही देखभाल और ड्रिप इरिगेशन के साथ एक एकड़ बगीचे से सालाना 8 से 12 लाख रुपये तक का मुनाफा दे रहा है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी भारी एक्सपोर्ट डिमांड रहती है। लागत और शुरुआती मेहनत के नजरिए से अनार के बाग में कीट और फंगस से बचाव के लिए ज्यादा ध्यान देना पड़ता है, जबकि आम का पेड़ एक बार तैयार होने के बाद कम खर्च और मामूली देखरेख में सालों-साल अच्छी फसल देता है।

अंत में बताते चले कि, कौनसा फल लगाना चाहिए यह इलाके की मिट्टी और मौसम पर निर्भर करता है। अगर जमीन में पानी की कमी है तो अनार सबसे ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है। सामान्य उपजाऊ जमीन और लंबे समय में स्थिर मुनाफे के लिए आम सुरक्षित विकल्प है। कम समय में सबसे ज्यादा जल्दी कमाई देने के मामले में अनार फिलहाल नंबर एक पर है। जमीन का मिजाज, स्थानीय बाजार और पानी की सुविधा देखकर सही फल चुनना खेती से असली कमाई दिला सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version