नई दिल्ली।भारत निर्वाचन आयोग ने 2026 के विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होगा, जबकि तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में वोटिंग होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। सभी राज्यों में मतगणना 4 मई 2026 को होगी।
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। तमिलनाडु की 234 सीटों पर एक चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। असम की 126 सीटों, केरल की 140 सीटों और पुडुचेरी पर एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव आयोग ने बताया कि इन सभी राज्यों में कुल 17.4 करोड़ मतदाता हैं और मतदान के लिए 2.18 लाख मतदान केंद्र तैयार किए गए हैं।
इस घोषणा के साथ ही इन राज्यों में आदर्श आचार संहिता तुरंत लागू हो गई है। इन विधानसभाओं का कार्यकाल मई-जून 2026 के बीच समाप्त हो रहा है। चुनाव आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था और ईवीएम में उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरें लगाने जैसी तैयारियों का भी जिक्र किया।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। राज्य में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल 2026 को होगा, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल 2026 को कराया जाएगा। पश्चिम बंगाल का चुनाव हमेशा से राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है और यहां विभिन्न प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलता है।
