Skip to main content

समाचार मिर्ची

नई दिल्ली।15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम मुश्किलों में है। जसप्रीत बुमराह पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण इस सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबीं को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। पिछले कुछ महीनों में एक के बाद एक अहम खिलाड़ी चोटिल हो रहे हैं, जो चिंता का सबब बन गया है।

भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) अब इस मामले में एक्शन मोड में आ गया है। श्रीलंका टेस्ट सीरीज के बाद बोर्ड टीम के हेड फिजियो कमलेश जैन, टीम डॉक्टर डॉ. रिजवान खान और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) की कार्यप्रणाली की समीक्षा करेगा। अगर रिपोर्ट संतोषजनक नहीं रही तो सपोर्ट स्टाफ में बदलाव हो सकते हैं। टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल खिलाड़ियों की चोटों से परेशान हैं। हाल के दौरों में कई बार टीम को आखिरी समय में फिटनेस के आधार पर प्लेइंग इलेवन बदलनी पड़ी। इंग्लैंड दौरे के दौरान भी टीम मैनेजमेंट ने कई बैठकों में इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया था।

गौरतलब हैं कि, पिछले महीने लॉर्ड्स वनडे के बाद कप्तान शुभमन गिल ने खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि सुबह मैदान पर आकर पता चलता है कि किसी खिलाड़ी को हल्की चोट है तो पूरी रणनीति बदलनी पड़ती है। अगर कोई गेंदबाज 80 प्रतिशत फिट है और कुछ ओवर बाद मैदान छोड़ देता है तो बाकी गेंदबाजों पर अतिरिक्त दबाव आ जाता है। हाल के महीनों में जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और साई सुदर्शन फिटनेस समस्याओं से जूझते रहे हैं। बुमराह घुटने की परेशानी के कारण श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए। हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी भी चोट के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। वॉशिंगटन सुंदर को भी टीम में शामिल नहीं किया गया। साई सुदर्शन फिटनेस क्लीयरेंस मिलने के बाद ही खेल पाएंगे। वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या भी इंजरी की समस्याओं से जूझ रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार कई वरिष्ठ खिलाड़ी अब फिटनेस और रिकवरी के लिए बाहरी विशेषज्ञों से सलाह ले रहे हैं। स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग विभाग में सोहम देसाई की जगह एड्रियन ले रॉक्स के आने के बाद स्थिति कुछ बिगड़ी है। कुछ खिलाड़ियों को यह बदलाव सहज नहीं लगा। बोर्ड के भीतर यह सवाल भी उठ रहे हैं कि कहीं खिलाड़ियों को पूरी तरह फिट होने से पहले मैदान पर तो नहीं उतारा गया। भारतीय टीम का आने वाले महीनों में व्यस्त कार्यक्रम है। श्रीलंका टेस्ट सीरीज के बाद एशियन गेम्स 2026, न्यूजीलैंड दौरा, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी और अगले साल क्रिकेट विश्व कप होना है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version