Skip to main content

समाचार मिर्ची

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान हो रहा है। इन केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग चल रही है। इनमें 11 बूथ मगराहाट पश्चिम और 4 बूथ डायमंड हार्बर में हैं।

बीजेपी ने इन मतदान केंद्रों पर ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। फलता इलाके में एक केंद्र पर कमल के निशान वाले बटन पर टेप लगाने का मामला सामने आया था, जिसका फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। शिकायतों में बूथ कैप्चरिंग और धांधली के आरोप भी लगे थे। निर्वाचन आयोग ने इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 58(2) के तहत मतदान रद्द कर दोबारा कराने का फैसला किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस की नीति है। फलता के 30 अन्य बूथों पर भी पुनर्मतदान का फैसला रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा। राज्य में दो चरणों का कुल मतदान 92.93 प्रतिशत रहा, जो आजादी के बाद सबसे अधिक है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version