पटना। बिहार में राजनीतिक बदलाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 अप्रैल को इस्तीफा दे सकते हैं। उसी दिन नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होने की संभावना है, जबकि 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन में आयोजित किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री आवास पर हलचल बढ़ गई है। जद(यू) के वरिष्ठ नेता और मंत्री वहां पहुंचे, जिनमें जद(यू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और मंत्री विजय चौधरी शामिल हैं। वहां अहम बैठकें चल रही हैं। 14 अप्रैल को कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक भी प्रस्तावित है।
जद(यू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पूरी प्रक्रिया तय योजना के अनुसार सुचारू रूप से चल रही है। कहीं कोई समस्या नहीं है और मुख्यमंत्री स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं। भाजपा विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 14 अप्रैल को पटना पहुंचेंगे। उन्हें पार्टी का केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
आने वाले 48 घंटे बिहार की राजनीति के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम भी लोक भवन पहुंचे, जहां शपथ ग्रहण की तैयारियां चल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की चर्चा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
