नई दिल्ली, सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ोतरी शुक्रवार, 1 मई से प्रभावी हो गई है। घरेलू उपयोग के 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इंडियन ऑयल (IOC) द्वारा जारी नई दरों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब 3,071.50 रुपये हो गई है, जो पहले 2,078.50 रुपये थी। कोलकाता में यह बढ़ोतरी 994 रुपये की रही, जहां नई कीमत 3,202 रुपये है (पहले 2,208 रुपये)।
मुंबई में 19 किलोग्राम कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमत 3,024 रुपये है, जबकि पहले यह 2,031 रुपये था। चेन्नई में नई दर 3,237 रुपये हो गई है (पहले 2,246.50 रुपये)।यह लगातार तीसरा महीना है जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हुआ है। घरेलू सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 913 रुपये पर बनी हुई है।
