नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से आने वाले तीन दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा। इसके चलते दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान कई राज्यों के लिए अलर्ट भी जारी किया है।
जानकारी दे दें कि, 31 जनवरी को कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश संभावना है। एक और दो फरवरी को दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश की प्रबल संभावना है। वहीं, 1-2 फरवरी को उत्तराखंड में गरज चमक के साथ बिजली बारिश गिरने और बर्फबारी की चेतावनी है। इसके अलावा 31 जनवरी से 3 फरवरी तक राजस्थान में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित करने वाली एक अहम प्रणाली है। जब यह प्रणाली सक्रिय होती है, तो पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश होती है। इस बार भी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर सीधे तौर पर दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों पर पड़ेगा। पहले से ठंडी हवाओं की चपेट में आए उत्तर भारत में अब बारिश और तेज हवाएं सर्दी को और बढ़ा देंगी।
वही, मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए 31 जनवरी और 1 फरवरी को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि मौसम की स्थिति गंभीर हो सकती है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बारिश होने से खुले इलाकों में रहने वाले लोगों, वाहन चालकों और निर्माण स्थलों पर काम करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आगे हम आपको यह भी बताते चले कि, मौसम विभाग का कहना है कि 3 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाएगा। इसके बाद मौसम में सुधार आने की संभावना है, हालांकि ठंड का असर कुछ दिनों तक बना रह सकता है। फिलहाल अगले तीन दिन उत्तर और मध्य भारत के लिए मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं।कुल मिलाकर, दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में एक बार फिर बारिश और ठंड का दौर शुरू होने जा रहा है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने, मौसम से जुड़ी चेतावनियों पर ध्यान देने और जरूरी एहतियात बरतने की जरूरत है।
