Skip to main content

समाचार मिर्ची

नई दिल्ली। अप्रैल माह में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।उत्तर-पश्चिम भारत में 14 से 18 अप्रैल तक तापमान में चार से छह डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में गर्मी बढ़ रही है और अप्रैल के मध्य में कई शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने लगा है। दिल्ली-एनसीआर में 17 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

पिछले 14 घंटों में देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस महाराष्ट्र के अकोला में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 14, 15 और 16 अप्रैल को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड, गुजरात, आंध्र प्रदेश तथा तमिलनाडु में लू का अलर्ट जारी किया है। उत्तरी मैदानों, पश्चिमी क्षेत्रों और मध्य भारत में समय से पहले लू जैसी स्थितियां बन रही हैं।

महाराष्ट्र सरकार ने भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए आउटडोर श्रमिकों, विशेषकर निर्माण और असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है। इस SOP के तहत ऑरेंज या रेड अलर्ट पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक काम बंद रखने, काम के घंटे सुबह-शाम करने तथा कार्यस्थलों पर छाया और पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

पूर्वोत्तर भारत में मौसम अलग है। 14 से 17 अप्रैल तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version