नई दिल्ली उत्तर भारत में घने कोहरे का कहर जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी हो रही है और कश्मीर से उत्तराखंड तक अगले पांच दिनों में बारिश व हिमपात की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित कई राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
जानकारी दे दें कि, बिहार में भी शीतलहर और कोहरे का प्रकोप जारी है। पटना सहित कई जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है। आईएमडी ने बिहार में 24 दिसंबर तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। पछुआ हवाओं ने गलन बढ़ा दी है, जिससे दिन में भी ठंड का एहसास हो रहा है।पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी यही हाल है। पंजाब में कोहरा 27 दिसंबर तक बना रह सकता है, जबकि हरियाणा-चंडीगढ़ में 24-27 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
वही, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ताजा बर्फबारी हुई है, जिससे ऊपरी इलाकों में हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। आईएमडी ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण 23-28 दिसंबर तक हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। यह बर्फबारी मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं को बढ़ावा दे रही है।
बता दें कि, उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। दिल्ली से बिहार तक शीतलहर का कहर बरप रहा है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी ने मैदानी इलाकों की ठिठुरन को और बढ़ा दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान समेत कई राज्यों में घना से बहुत घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता शून्य से 50 मीटर तक सिमट गई है।
जानकारी दे दें कि, उत्तर प्रदेश में शीतलहर ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया है। बांदा जिले में ठंड के कारण एक किसान और एक युवक की मौत की खबर आई है। प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिसमें कानपुर, बाराबंकी, अयोध्या, लखनऊ प्रमुख हैं। कोहरे के कारण हाईवे पर वाहनों की गति सीमित कर दी गई है, फिर भी दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। जिला प्रशासन ने कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है और लोगों से अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालयी राज्यों—जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड—में ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अगले पांच दिनों तक कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात के आसार बने हुए हैं।
