नई दिल्ली। गेहूं की कटाई के बाद खाली पड़े खेतों का सही उपयोग कर किसान कम समय में अच्छी कमाई कर सकते हैं। ऐसे में भिंडी की खेती एक बेहतरीन विकल्प बनकर सामने आती है, जो कम मेहनत में जल्दी तैयार होकर अच्छा मुनाफा देती है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, सही विधि और उन्नत किस्मों का चयन कर किसान 40 से 45 दिनों में फसल तैयार कर सकते हैं, जिससे उनकी आय तेजी से बढ़ सकती है।
खेत को पहले पूरी तरह से जुताई कर लें। जुताई के बाद उसमें गोबर का खाद मिला दें। भिंडी की बुआई दो तरीकों से की जा सकती है। पहला तरीका यह है कि बीज को अंकुरित करके बोया जाए। दूसरा तरीका सीधे बीज बोकर तुरंत पटवन कर देना है, जिससे पौधा आसानी से निकल आए। बुआई के तुरंत बाद पटवन करने से पौधे की जड़ में कीट लगने की संभावना कम हो जाती है। अंकुरित बीज को बोते समय सावधानी बरतें, क्योंकि अंकुर टूट जाने पर पौधा नहीं उग पाता।
इस खेती के लिए संकर 2211 और राधिका (एडवांटा) किस्में बेहतर मानी गई हैं। ये किस्में 40 से 45 दिनों में तैयार हो जाती हैं। इनकी भिंडी अधिक दिन हो जाने पर भी मुलायम बनी रहती है। इस प्रकार गेहूं कटाई के बाद भिंडी लगाकर किसान कम मेहनत में जल्दी मुनाफा कमा सकते हैं।
