नई दिल्ली। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सोना और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर चांदी का वायदा भाव अचानक 15,000 रुपये प्रति किलो कम हो गया, जबकि सोने में भी 8,000 रुपये से अधिक की कमी आई। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और ग्लोबल टेंशन के बावजूद दोनों कीमती धातुओं के भाव लगातार घट रहे हैं।
एमसीएक्स पर चांदी की 5 मई की एक्सपायरी वाली कॉन्ट्रैक्ट पिछले शुक्रवार के बंद भाव 2,26,772 रुपये प्रति किलो से गिरकर 2,11,729 रुपये पर आ गई, यानी एक किलो चांदी 15,043 रुपये सस्ती हुई। अपने उच्च स्तर 4,20,048 रुपये (29 जनवरी) से तुलना करें तो अब चांदी 2 लाख रुपये से अधिक कम हो चुकी है। अमेरिका ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला शुरू किया था, जिसके बाद से चांदी 70,915 रुपये सस्ती हुई है, क्योंकि 27 फरवरी को इसका भाव 2,82,644 रुपये प्रति किलो था।
इसी तरह सोने का वायदा भाव भी धड़ाम से गिरा। 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना पिछले बंद 1,44,492 रुपये प्रति 10 ग्राम से घटकर 1,36,403 रुपये पर पहुंच गया, यानी 8,089 रुपये की गिरावट आई। ईरान युद्ध शुरू होने से पहले 27 फरवरी को सोने का भाव 1,62,104 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जिससे अब तक 25,701 रुपये की कमी आई है। अपने उच्च स्तर 1,93,096 रुपये (29 जनवरी) से सोना 56,693 रुपये सस्ता हो चुका है।
आमतौर पर वैश्विक तनाव में सोना-चांदी के भाव बढ़ते हैं, लेकिन इस बार मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच भी गिरावट जारी है। इसके पीछे क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमतों से महंगाई का जोखिम और डॉलर की मजबूती प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। उच्च ब्याज दरें भी कीमती धातुओं पर दबाव डाल रही हैं। हालांकि, कुछ एक्सपर्ट आगे तेजी की उम्मीद जता रहे हैं। (निवेश से पहले विशेषज्ञ सलाह लें।)
