समाचार मिर्ची

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मॉनसून की जोरदार बारिश ने आफत मचा रखी है। मुंबई, गुजरात, ओडिशा और मध्य प्रदेश में लगातार भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं। सड़कें नदियों में तब्दील हो गई हैं और घरों-दुकानों में पानी भर गया है। मुंबई में कई जगहों पर रेलवे ट्रैक भी पानी में डूब गए हैं।

मुंबई में भारी बारिश ने शहर को जलमग्न कर दिया है। वसई-विरार, मालाड, अंधेरी, भांडुप, दादर, माटुंगा और नवी मुंबई जैसे इलाकों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है। कई जगहों पर गाड़ियां पानी में फंस गई हैं। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लैंडस्लाइड के कारण यातायात ठप हो गया है। कल रात एक तीन मंजिला इमारत गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। मुंबई-पुणे रेलवे ट्रैक पर भी लैंडस्लाइड हुआ है, जिससे ट्रेन सेवाएं प्रभावित हैं।

गुजरात में जूनागढ़, राजकोट, मेंडरडा और सौराष्ट्र के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। समधियाला गांव के पास चार गाड़ियां पानी में फंस गईं, जिनमें 19 लोगों को बचाया गया। बीते 24 घंटे में 32 जिलों के 164 तालुकों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में अगले दो दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

मध्य प्रदेश में कई जिलों में बाढ़ का पानी घरों और स्कूलों में घुस गया है। पुलों पर नदियां बह रही हैं और कई गांवों का संपर्क टूट गया है। भोपाल के बैरसिया में ट्रैक्टर नदी में पलट गया, हालांकि ड्राइवर की जान बाल-बाल बची। ओडिशा के बौध जिले में सलुंकी नदी में दो महिलाएं फंस गई थीं, जिन्हें रेस्क्यू कर बचाया गया। IMD ने कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

IMD ने मुंबई और आसपास के जिलों के लिए जारी किया रेड अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ सहित आसपास के इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश, तेज हवाएं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रह सकती है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की भी आशंका जताई गई है, इसलिए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने पुराने और जर्जर भवनों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version