समाचार मिर्ची

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया को 131 करोड़ रुपये की इनामी राशि देने का एलान किया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप जीता और लगातार दो बार खिताब बचाने वाली पहली टीम बन गई। साथ ही घरेलू मैदान पर यह ट्रॉफी जीतने वाली भी पहली टीम बनी।

बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा कि बोर्ड खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर एक बार फिर बधाई देता है और भविष्य में लगातार सफलता की शुभकामनाएं देता है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई दी। यह राशि 2024 की विश्व विजेता टीम को मिले इनाम से 6 करोड़ रुपये अधिक है। आईसीसी से भी टीम को 2.34 मिलियन डॉलर (लगभग 21.5 करोड़ रुपये) का इनाम मिला, जबकि उपविजेता न्यूजीलैंड को 1.17 मिलियन डॉलर (लगभग 10.75 करोड़ रुपये) मिले।

पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने इस इनामी राशि पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे इससे ज्यादा की उम्मीद कर रहे थे। एएनआई से बातचीत में हरभजन ने कहा, “मैं ज्यादा की उम्मीद कर रहा था, क्योंकि जब इतना बड़ा काम किया जाता है, तो उसका इनाम भी बड़ा होना चाहिए। लेकिन वर्ल्ड कप में टीम के प्रदर्शन और भारत की ताकत दिखाने के लिए बधाई।” उन्होंने टीम की उपलब्धि की सराहना की, लेकिन इनाम की राशि को और अधिक होने की बात कही।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version