अहमदाबाद।भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। न्यूजीलैंड को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 96 रनों से हराकर टीम ने तीसरी बार यह ट्रॉफी अपने नाम की। यह लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप जीत है और पहली बार घरेलू मैदान पर खिताब हासिल किया गया। पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंस्टाग्राम पर टीम इंडिया, सपोर्ट स्टाफ और फैंस को बधाई दी। उन्होंने मुख्य कोच गौतम गंभीर को संबोधित करते हुए लिखा, “कोच साहब (गौतम गंभीर), आपके चेहरे पर मुस्कुराहट अच्छी लगती है। मैच इंटेंसिटी के साथ आपकी स्माइल एक किलर कॉम्बिनेशन है।” धोनी ने जसप्रीत बुमराह को चैंपियन बॉलर बताया और कहा कि उनके बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है।
विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “चैंपियंस। अहमदाबाद में टीम इंडिया की अद्भुत जीत। पूरे टूर्नामेंट में हमारा कोई मुकाबला नहीं रहा। मुश्किल सिचुएशन में भी टीम इंडिया ने अटैकिंग क्रिकेट खेला और लगातार दूसरा टी-20 टाइटल जीता। प्लेयर्स और मैनेजमेंट को इस जीत पर बधाइयां। जय हिंद।” सचिन तेंदुलकर ने मैच के दौरान और जीत के बाद कई पोस्ट किए। उन्होंने संजू सैमसन की स्मार्ट बैटिंग, ईशान किशन के शॉट्स और टीम के प्रदर्शन की तारीफ की। जीत पर उन्होंने लिखा, “टीम इंडिया ने इनक्रेडिबल वर्क किया। भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, टीम ने स्पेशल ब्रांड का क्रिकेट खेला। बेहतरीन टीम इंडिया, जय हिंद।” सचिन ने कहा कि भारत ने स्लोअर बॉल्स, शॉर्ट-पिच्ड डिलीवरीज और वैरिएशंस का बेहतरीन इस्तेमाल किया और बैक-टू-बैक जीत विशेष है।
फाइनल में जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द फाइनल और संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। धोनी, कोहली और सचिन तीनों विश्व चैंपियन कप्तान फाइनल में मौजूद रहे और टीम के साथ सेलिब्रेट किया। यह जीत टीम के दृढ़ संकल्प और अटैकिंग क्रिकेट का परिणाम बताई जा रही है।
