मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल 2026 के लिए 7 नए नियम जारी कर दिए हैं। ये नियम लीग की सभी 10 टीमों को मानने होंगे। 19वें सीजन का आयोजन 28 मार्च से शुरू होने वाला है।नए नियम मुख्य रूप से मैच से पहले और दौरान टीमों की गतिविधियों से जुड़े हैं। पहला नियम टीम की प्रैक्टिस और ट्रेनिंग से संबंधित है। किसी भी आईपीएल टीम को अपने मैच वाले दिन प्रैक्टिस या ट्रेनिंग करने की अनुमति नहीं होगी।
दूसरा नियम प्रैक्टिस मैचों को लेकर है। किसी टीम को दो से अधिक प्रैक्टिस मैच खेलने की इजाजत नहीं होगी। प्रैक्टिस मैच खेलने से पहले बीसीसीआई से अनुमति लेनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई मैच साढ़े तीन घंटे से ज्यादा न चले।तीसरा नियम प्रैक्टिस नेट्स से जुड़ा है। कोई भी टीम प्रैक्टिस नेट्स शेयर नहीं कर सकेगी। हर टीम को प्रैक्टिस के लिए नया नेट उपलब्ध कराया जाएगा। दूसरी टीम के नेट्स का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी, भले ही वे खाली पड़े हों।
चौथा नियम होम पिच से संबंधित है। जिस पिच पर होम टीम अपना पहला मैच खेलेगी, वहां चार दिन पहले से ट्रेनिंग या प्रैक्टिस की इजाजत नहीं होगी। रेंज हिटिंग, थ्रो डाउन, रन-अप और ड्रिल्स के लिए टीमों को अलग विकेट दिए जाएंगे। होम टीम को पहले प्रैक्टिस की अनुमति होगी। यदि टीमें एक के बाद दूसरी प्रैक्टिस करेंगी तो हर बार नई तैयार पिच उपलब्ध कराई जाएगी।
पांचवां नियम खिलाड़ियों के परिवार और दोस्तों से जुड़ा है। परिवार वालों और दोस्तों को खिलाड़ियों के साथ यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। प्रैक्टिस या मैच के लिए जाते समय खिलाड़ियों को केवल टीम बस का ही इस्तेमाल करना होगा।छठा नियम मैदान पर बैठने को लेकर है। बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के दौरान खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को मैदान पर लगे एलईबी बोर्ड के पास बैठने से प्रतिबंधित कर दिया है।ये सभी नियम लीग के सुचारू संचालन और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से लागू किए गए हैं।
