नई दिल्ली। प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स ने शुक्रवार को इकाना स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स को सात विकेट से हरा दिया। इस जीत में मिचेल मार्श की 90 रनों की तूफानी पारी और निकोलस पूरन के लगातार चार छक्कों ने अहम भूमिका निभाई। लखनऊ ने 188 रनों के लक्ष्य को 16.4 ओवर में हासिल कर लिया।
इस हार से चेन्नई सुपर किंग्स को पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है। टीम 12 मैचों में छह जीत और छह हार के बाद 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान से फिसलकर छठे स्थान पर आ गई है। चेन्नई की प्लेऑफ उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है, हालांकि टीम अभी भी दौड़ में बनी हुई है। प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए उसे अपने बाकी दोनों मैच सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीतने होंगे तथा अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना होगा।
चेन्नई की हार का फायदा राजस्थान रॉयल्स को मिला है, जो 11 मैचों में छह जीत और पांच हार के बाद 12 अंकों के साथ छठे से पांचवें स्थान पर पहुंच गई है।अन्य टीमों की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ। आरसीबी 16 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि गुजरात टाइटंस 16 अंकों के साथ दूसरे और सनराइजर्स हैदराबाद 14 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। पंजाब किंग्स 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है। लखनऊ सुपर जायंट्स शानदार जीत के बावजूद 8 अंकों के साथ 10वें स्थान पर ही है।
